जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सख्त तेवर में: तीन माह से लंबित राजस्व वाद प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश…
हल्द्वानी। सोमवार को कैंप कार्यालय में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राजस्व एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विरासत, नामांतरण एवं भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने सभी राजस्व मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित पुराने वादों के नियमित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष के बाहर बैठने का दिन और तिथि अनिवार्य रूप से अंकित करें, जिससे वादकारियों को पारदर्शिता और सुविधा मिल सके।
तहसीलों में किसी भी निजी व्यक्ति की दखलंदाजी पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की छवि प्रभावित करने वाली किसी भी शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्विवाद विरासत नामांतरण और अन्य राजस्व प्रकृति के विवादों के समाधान हेतु ग्राम स्तर पर चौपालों के आयोजन पर बल दिया। साथ ही राजस्व विभाग द्वारा जारी प्रमाण पत्रों को निर्धारित समय सीमा में जारी करने के निर्देश भी दिए।
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने को कहा। सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक सप्ताह संग्रह अमीनों की व्यक्तिगत कार्यकुशलता की समीक्षा करें। जिनकी वसूली जनपदीय औसत से कम पाई जाए, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
तीन माह से अधिक समय से लंबित राजस्व वादों और मजिस्ट्रियल जांचों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश भी दिए गए। विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद स्तर से भेजी जाने वाली रिपोर्ट समय पर प्रेषित की जाए तथा किसी भी प्रकार की निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आबकारी विभाग की समीक्षा में उन्होंने जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री और संचरण पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। नियमित छापेमारी अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पुलिस अधीक्षक (नगर) मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेयी सहित सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
