चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब: 35 दिनों में 20 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, एक दिन में बना नया रिकॉर्ड…
उत्तराखंड। प्रदेश की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। चारों धामों में भक्तों की लंबी कतारें लगातार देखने को मिल रही हैं। बेहतर व्यवस्थाओं और सुचारु यात्रा प्रबंधन के चलते श्रद्धालु बिना किसी बड़ी परेशानी के दर्शन कर रहे हैं। शनिवार को यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए एक ही दिन में 96 हजार 116 श्रद्धालुओं ने चारधाम में दर्शन किए।
अब तक कुल दर्शनार्थियों का आंकड़ा 20 लाख 76 हजार 553 के पार पहुंच चुका है। इनमें सबसे अधिक श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम पहुंचे हैं, जहां अब तक 8 लाख 11 हजार 923 तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार श्री बदरीनाथ धाम में 5 लाख 56 हजार 437, श्री गंगोत्री धाम में 3 लाख 52 हजार 162 तथा श्री यमुनोत्री धाम में 3 लाख 56 हजार 31 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
शनिवार को एक दिन में बदरीनाथ धाम में सर्वाधिक 32 हजार 219 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि केदारनाथ धाम में 29 हजार 787, गंगोत्री धाम में 17 हजार 897 और यमुनोत्री धाम में 16 हजार 213 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालित हो रही यात्रा को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम खराब होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में कोई कमी न आने पाए।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा किए जा रहे कुशल यात्रा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों के चलते इस बार चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।
