ब्रेकिंग– हल्द्वानी के लाल ने वनडे मैच में जड़ा शतक, आलोचकों को दिया जवाब।

InShot_20221117_175351919.jpg.jpeg
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी– आर्यन जुयाल के बल्ले ने एक बार फिर पूरे हल्द्वानी का सीना चौड़ा किया है। आर्यन जुयाल ने वनडे मुकाबले में शानदार शतक जड़कर अपनी टीम को जीत भी दिलाई और अपने आलोचकों का भी मुंह बंद कर दिया।

दरअसल, विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश टीम की तरफ से खेलते हुए आर्यन ने नाबाद 100 रन बनाए हैं। इसी पारी की बदौलत यूपी की टीम ने हैदराबाद को सात विकेटों से हरा दिया।बता दें कि दिल्ली में खेले जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी के इस मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी की थी।

यह भी पढ़ें:  बड़ी खबर–देखिए वीडियो, हल्द्वानी के इस स्कूल परिसर में पेड़ पर चढ़ा विशाल अजगर, मची अफरा–तफरी; दहशत में आए बच्चे और स्थानीय लोग...

हैदराबाद ने 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 256 रन बनाए थे। उनकी तरफ से मिकिल जायसवाल ने सर्वाधिक 73 रन बनाए जबकि राहुल बुढ्ढी ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। यूपी की तरफ से शिवम मावी ने तीन और सौरभ कुमार ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम की तरफ से आर्यन ओपनिंग करने आए। पहले विकेट के लिए आर्यन और माधव कौशिक ने 132 रनों की साझेदारी की। मगर अचानक तीन विकेट गिरने के बाद मैच का हाल बदलने लगा।

यह भी पढ़ें:  दशहरा हमें अहंकार और बुराइयों को त्यागकर सत्य के मार्ग पर चलने की देता है प्रेरणा: मुख्यमंत्री धामी, देहरादून में मुख्यमंत्री ने किया रावण दहन, प्रदेशवासियों को दी विजयादशमी की शुभकामनाएं...

आर्यन जुयाल ने सूझबूझ भरी पारी खेलते हुए रिंकू सिंह के साथ पारी संभाली और टीम को जीत दिलाई। आर्यन ने सात चौकों और एक छक्के की मदद से 136 गेंदों पर नाबाद 100 रनों की पारी खेली। वहीं, रिंकू सुंह ने केवल 48 गेंदों पर नाबाद 78 रन ठोक दिए।

आर्यन जुयाल को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल की नीलामी से पहले टीम से रिलीज किया है। मगर गजब की फॉर्म को देखते हुए ये कहना लाजमी होगा कि कई सारी टीमें उनकी तरफ भागेंगी। गौरतलब है कि हाल ही में सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में भी आर्यन के बल्ले से रन निकले थे। उन्होंने छह मैचों में 185 रन बनाए थे। जिसमें दो फिफ्टी भी शामिल हैं। वहीं, इस पारी से कहीं ना कहीं आर्यन ने अपने आलोचकों को भी करारा जवाब दिया है।