हल्द्वानी में प्रशासन का बड़ा एक्शन: कई शस्त्र लाइसेंस रद्द, एनडीपीएस आरोपी छह माह के लिए जिला बदर…
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने विभिन्न मामलों में कई लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के साथ एक आरोपी को जिला बदर करने की कार्रवाई की है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बनभूलपुरा निवासी वसीम अहमद, जो पूर्व में गंभीर आपराधिक धाराओं और यूएपीए एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है, उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है। इसके अलावा मकसूद हुसैन, मुनव्वर अली और कासिम खान के शस्त्र लाइसेंस भी जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा निरस्त कर दिए गए हैं।
वहीं काठगोदाम निवासी त्रिभुवन चंद पर शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करने का आरोप है। घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने उनका शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया।
इसके साथ ही एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों में आरोपित हरप्रीत विज उर्फ बुंदा निवासी गौजाजाली, बनभूलपुरा के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने उसे छह माह तक जनपद नैनीताल की सीमा से बाहर रहने के आदेश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने, अपराध में संलिप्त रहने और हथियारों का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
