बिग ब्रेकिंग–सात घंटे में चोरी का खुलासा: चोरगलिया पुलिस की बड़ी कामयाबी, 2 शातिर गिरफ्तार…
नैनीताल जनपद में चोरी की घटनाओं पर सख्ती दिखाते हुए चोरगलिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने महज 7 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा कर दिया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 12 अप्रैल 2026 की रात की है, जब देवपुर सनवाल निवासी बलजीत सिंह के भाई के घर में चोरी हुई थी। इस संबंध में 13 अप्रैल को थाना चोरगलिया में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। पतारसी और सुरागरसी के दौरान पुलिस ने क्षेत्र से दो शातिर अभियुक्तों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
* करन (26 वर्ष), निवासी काठगोदाम
* संजय बिष्ट (25 वर्ष), निवासी काठगोदाम
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गीजर (V-Guard, Khaitan), एक पानी की मोटर (Kirloskar), एक छत का पंखा (Crompton) और 17 जोड़ी नए कपड़ों से भरा बैग बरामद किया। साथ ही एक स्कूटी भी जब्त की गई, जिसके वैध कागजात आरोपियों द्वारा प्रस्तुत नहीं किए जा सके। बरामद सामान की कुल कीमत करीब ₹50,000 बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिससे उनकी आपराधिक प्रवृत्ति का पता चलता है।
इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने यह संदेश दिया है कि जनपद में अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
