बिग ब्रेकिंग–पीएम प्रगति की तर्ज पर प्रदेश में शुरू होगी ‘स्टेट प्रगति’, जनवरी 2026 में पहली समीक्षा बैठक…
सचिवालय में सोमवार को मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने पीएम प्रगति के अंतर्गत संचालित
योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रदेश में पीएम प्रगति की तर्ज पर ‘स्टेट प्रगति’ शुरू किए जाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक माह एक निश्चित दिन राज्य एवं केंद्र सरकार की फ्लैगशिप और अत्यंत महत्वपूर्ण योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने जनवरी 2026 में स्टेट प्रगति की प्रथम बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने पीएमश्री योजना के अंतर्गत चिन्हित विद्यालयों में कंप्यूटर/सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) लैब, स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी आदि सुविधाएं शीघ्र विकसित करने पर जोर दिया। इसके लिए ईएफसी/डीएफसी सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध कार्य पूर्णता के लिए विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए जाएं और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अटल टिंकरिंग लैब की तर्ज पर राज्य निधि से भी विद्यालयों में टिंकरिंग लैब स्थापित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि इन लैब्स में ऐसे नवाचारी और जिज्ञासु प्रवृत्ति के शिक्षकों की तैनाती की जाए, जो बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारकर उन्हें नवोन्मेषी बना सकें। प्रारंभिक चरण में 10–12 विद्यालयों को चयनित कर ऐसे नवोन्मेषी प्रोटोटाइप मॉडल तैयार कराने के निर्देश दिए गए, जो राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें।
प्राथमिक विद्यालयों में खेल सुविधाओं को लेकर मुख्य सचिव ने कहा कि जिन विद्यालयों के पास अपना खेल मैदान उपलब्ध नहीं है, उनके लिए आसपास खेल मैदान की व्यवस्था की जाए। इसके लिए जिलाधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय राजस्व अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने का आह्वान किया।
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के कंप्यूटरीकरण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ऋण समितियों में ऑन-सिस्टम ऑडिट और डे-एंड क्लोजर को शत-प्रतिशत लागू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर बल दिया।
बैठक में सचिव श्री धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव एवं निबंधक सहकारिता श्री मेहरबान सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
