बिग ब्रेकिंग रामनगर–पुछड़ी डम्पिंग जोन पर रोक से भड़के ग्रामीण, समाधान की मांग को सौंपा ज्ञापन…
रामनगर के पुछड़ी क्षेत्र स्थित डम्पिंग जोन में ग्रामीण इलाकों का कूड़ा डाले जाने पर नगर पालिका द्वारा रोक लगाए जाने से क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति पैदा हो गई है। नाराज ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी और ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय नेगी के नेतृत्व में एसडीएम और नगर पालिका ईओ को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय नेगी ने बताया कि लंबे समय से पुछड़ी स्थित डम्पिंग जोन में आसपास के गांवों का कूड़ा डाला जा रहा था, लेकिन बीते कुछ दिनों से नगर पालिका प्रशासन ने कूड़ा वाहनों को वहां कूड़ा डालने से रोक दिया है। इसके चलते गांवों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं।
दुर्गंध और गंदगी के कारण ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
वहीं नगर पालिका ईओ आलोक उनियाल ने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि वन विभाग से लीज पर ली गई है और उस पर कूड़ा डालने का अधिकार केवल नगर पालिका को है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्राम पुछड़ी क्षेत्र की कूड़ा निस्तारण समस्या के समाधान के लिए जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
इस दौरान ग्राम प्रधान संगठन रामनगर के अध्यक्ष नवीन सती, ग्राम शक्तिनगर प्रधान हज्जन नरगिस, शकील अहमद अंसारी, प्रधान सोनिया, प्रधान रचना रावत और प्रधान प्रकाश चंद्र मठपाल सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल स्थायी समाधान किया जाए, ताकि गांवों में फैली गंदगी और संभावित स्वास्थ्य संकट को टाला जा सके।
