बिग ब्रेकिंग–कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने अल्मोड़ा में किया निरीक्षण, ब्रिटिशकालीन अभिलेखों के संरक्षण के दिए निर्देश…

अल्मोड़ा। कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने सोमवार को अल्मोड़ा पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय, जिला अभिलेखागार (कोषागार/कोड) तथा बंदोबस्त कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कमिश्नर ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि कोड से संबंधित लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने रिकॉर्ड रूम में सुरक्षित रखे गए ब्रिटिशकालीन दस्तावेजों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ये ऐतिहासिक अभिलेख अमूल्य धरोहर हैं और इन्हें सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संरक्षित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दस्तावेजों के संरक्षण के लिए उचित व्यवस्था की जाए, जिससे भविष्य में शोधार्थियों और इतिहासकारों को अध्ययन में सुविधा मिल सके।
कमिश्नर रावत ने राज्य सरकार द्वारा संचालित हवाई सेवा की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से स्थानीय लोगों को बड़ा लाभ मिल रहा है। अब लोग कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं, जिससे पर्यटन, व्यापार और आपात सेवाओं को भी मजबूती मिल रही है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए।
