बिग ब्रेकिंग–चार साल बेमिसाल: विकास, विश्वास और उपलब्धियों का नया उत्तराखण्ड… मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड–पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चार वर्ष पहले जनता ने उन्हें पुनः सेवा का अवसर दिया था और आज सरकार अपने संकल्पों को सिद्धि की ओर तेजी से बढ़ते हुए देख रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ₹401.86 करोड़ की 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिनमें ₹99.44 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास और ₹302.42 करोड़ की 41 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शपथ ग्रहण के समय उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया था। उन्होंने नरेंद्र मोदी के उस कथन को याद किया जिसमें उन्होंने केदारनाथ से कहा था कि “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा।” धामी ने कहा कि राज्य सरकार इसी लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार हुआ है। राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है और जीएसडीपी में 7.23% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रति व्यक्ति आय में 41% वृद्धि हुई है, जबकि 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1700 से अधिक हो गई है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि 2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बनी हैं। साथ ही रिवर्स पलायन में 44% की वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान मिला है। इसके अलावा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, स्टार्टअप रैंकिंग और इनोवेशन इंडेक्स में भी राज्य ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
देहरादून के विकास पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने बताया कि यहां 1400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है।
भ्रष्टाचार और नकल माफिया पर सख्ती का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून के चलते 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानून लागू कर सामाजिक संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया है। साथ ही 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने कनक चौक से परेड ग्राउंड तक रोड शो किया और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
