बिग ब्रेकिंग–हल्द्वानी जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने दिखाई सख्ती, कई गंभीर मामलों का मौके पर समाधान…

हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता मिलन (जनसुनवाई) कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव माननीय मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अनेक मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मौके पर ही समाधान कराया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धनराशि हड़पने, मृतक आश्रित को नौकरी, भरण-पोषण, अवैध खनन भंडारण जैसे कई गंभीर प्रकरण सामने आए।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में रेता-बजरी का भंडारण किया जा रहा है, वहां नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेरीपड़ाव क्षेत्र में रेता-बजरी भंडारण को लेकर ओवरलोडिंग, सीसीटीवी कैमरा एवं चाहरदीवारी न होने की शिकायत पर आयुक्त ने खान अधिकारी एवं एआरटीओ को तलब किया। उन्होंने शहर के सभी खनिज भंडारण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले स्टॉकों को सीज करने तथा ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
विगत जनसुनवाई में लंबित धोखाधड़ी के एक मामले में रानीखेत निवासी करूणा की दो लाख रुपये की धनराशि हड़पने के प्रकरण में भी बड़ी राहत मिली। आयुक्त के हस्तक्षेप पर आरोपी व्यक्ति से मौके पर ही एक लाख रुपये वापस दिलाए गए तथा शेष राशि एक माह के भीतर लौटाने के निर्देश दिए गए। तय समय में धनराशि न लौटाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जनसुनवाई के दौरान जीएमएफएक्स ग्लोबल लिमिटेड, सत्यलोक कॉलोनी देवलचौड़ से जुड़े निवेश प्रकरणों की भी शिकायतें सामने आईं। कंपनी द्वारा ट्रेड मार्केट में लोगों की धनराशि लगाने के मामले में आयुक्त ने कंपनी के सीईओ से ऑनलाइन बैलेंस शीट और डाटा प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन संतोषजनक जानकारी न मिलने पर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात आयुक्त द्वारा कंपनी का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।
इसके अलावा फाइनेंस कंपनियों द्वारा वाहन लोन न चुकाने की स्थिति में बिना विधिवत ट्रांसफर के वाहन अन्य व्यक्ति को बेचने की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया। आयुक्त ने संभागीय परिवहन अधिकारी को ऐसी फाइनेंस कंपनियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खेल जगत से जुड़ी एक अहम शिकायत पर भी आयुक्त ने त्वरित निर्णय लिया। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में आयोजित जूडो अंडर-14 एवं अंडर-19 प्रतियोगिता के परिणामों को खिलाड़ियों की शिकायत पर निरस्त करते हुए जिला क्रीड़ा अधिकारी को मैच दोबारा कराने के निर्देश दिए गए। खिलाड़ियों ने अयोग्य रेफरी और गलत निर्णयों की शिकायत की थी। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि केवल योग्य और काबिल खिलाड़ियों का चयन हो तथा रेफरी को खेल के नियमों की पूरी जानकारी होनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
