बिग ब्रेकिंग–भीमताल से सीएम धामी का हरित संकल्प: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के साथ झील सौंदर्यीकरण की नई पहल…

भीमताल/नैनीताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल झील परिक्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा झील सौंदर्यीकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत भीमताल झील के किनारों पर बोगनबेलिया के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे झील क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता में और अधिक वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अपनी पूज्य माता श्रीमती बिसना देवी के नाम से बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और जीवनशैली का प्रकृति से गहरा संबंध रहा है। यहां के लोकपर्व, परंपराएं और जनजीवन सदैव पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को सुदृढ़ करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और संरक्षण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद अपनी झीलों के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध है और यहां वर्षभर देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। झीलों का संरक्षण और संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से भीमताल झील के किनारे बोगनबेलिया के पौधों का रोपण कर सौंदर्यीकरण अभियान शुरू किया गया है, जिसे उन्होंने एक अभिनव और दूरदर्शी पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से मानसून सत्र में अधिकाधिक पौधारोपण करने, पौधों और जल स्रोतों के संरक्षण, नदियों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपनी स्वर्गीय माता श्रीमती रेवती देवी की स्मृति में पौधारोपण किया। वहीं कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने अपनी माता श्रीमती सावित्री रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपनी माता उमा देवी रयाल, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्विनी अरविंद पाटील ने अपनी स्वर्गीय माता मीना अरविंद पाटील की स्मृति में तथा मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे एवं वन संरक्षक नितीश मणि त्रिपाठी ने भी अपनी माताओं के नाम पौधे रोपित कर अभियान को आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, आईटीबीपी 34वीं बटालियन के कमांडेंट हेमंत कुमार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रकृति प्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू हुआ यह अभियान न केवल झीलों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से प्रकृति और मातृ सम्मान के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचा रहा है।
