बिग ब्रेकिंग–19 माह की मेहर कौर बनीं ‘यंगेस्ट जीनियस’, हल्द्वानी की नन्ही प्रतिभा का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज…
नैनीताल: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर की महज़ 19 माह की नन्ही बालिका मेहर कौर ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से इतिहास रच दिया है। इतनी कम उम्र में 25 सामान्य ज्ञान (GK) प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर मेहर ने अपना नाम World Book of Records में दर्ज करा लिया है।
9 फरवरी 2026 को मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित World Book of Records Summit के दौरान मेहर को आधिकारिक रूप से ‘जीनियस’ प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों और अतिथियों ने उसकी असाधारण स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास और त्वरित प्रतिक्रिया की जमकर सराहना की।
सिर्फ 1 वर्ष 9 माह की आयु में 25 सामान्य ज्ञान के प्रश्नों का बिना किसी झिझक के सही उत्तर देना अपने आप में दुर्लभ उपलब्धि माना जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस आयु वर्ग में इस प्रकार का बौद्धिक प्रदर्शन अत्यंत असाधारण है।
मेहर के माता-पिता डॉ. हरलीन कौर और डॉ. गुर्रौनक सिंह ने बेटी की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कभी इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि की कल्पना नहीं की थी। उनका मानना है कि घर का सकारात्मक माहौल, नियमित संवाद और खेल-खेल में सीखने की आदत ने मेहर की जिज्ञासा और याददाश्त को मजबूत बनाया।
मेहर की इस उपलब्धि से हल्द्वानी सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। सामाजिक संगठनों और शिक्षाविदों ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है।
नन्ही मेहर कौर ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। उसकी इस ऐतिहासिक सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान दिलाया है।
