बिग ब्रेकिंग–नैनीताल को विकास की बड़ी सौगात, 121 करोड़ से अधिक की 13 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास…

नैनीताल। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नैनीताल जनपद को विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने कुल 121 करोड़ 52 लाख 46 हजार रुपये की लागत से 13 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इससे जनपद के आधारभूत ढांचे, पर्यटन सुविधाओं और जनसुविधाओं को मजबूती मिलेगी, साथ ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने 42 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बहुप्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग का भूमि पूजन किया। इसके अंतर्गत 30 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत की 2 योजनाओं का लोकार्पण तथा 90 करोड़ 86 लाख 46 हजार रुपये की लागत की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
लोकार्पित योजनाओं में 29 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से सूखाताल झील को रिचार्जिंग जोन एवं टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया गया है। इसके तहत झीलों का निर्माण, जल शुद्धता के लिए एयरेशन प्लांट, दुकानों, शौचालय, लिफ्ट व ट्रांजिट भवन तथा चारों ओर पैदल पथ का निर्माण किया गया है, जिससे पर्यटन को नई गति मिलेगी।
इसके अतिरिक्त हल्द्वानी में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पुस्तकालय का पुनरुद्धार किया गया है।
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में बेतालघाट क्षेत्र में प्री-स्ट्रेस मोटर पुल, नैनीताल जिला मुख्यालय में ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग, रामनगर में बहुमंजिला पार्किंग, पेयजल से जुड़े नलकूपों के लिए सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर, लिफ्ट सिंचाई योजना, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सड़कों और स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। गोला नदी में रिवर क्रॉसिंग केबल का निर्माण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि ये सभी योजनाएं जनपद नैनीताल के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को इनका सीधा लाभ मिल सके। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
