बिग ब्रेकिंग–आफ्टर–नाइट क्लब पर गिरी गाज, आबकारी आयुक्त की सख्ती, सब-इंस्पेक्टर सस्पेंड, अब पुलिस एक्शन का इंतजार…

उत्तराखंड। प्रदेश में देर रात संचालित हो रहे क्लबों पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आफ्टर-नाइट क्लब संचालन के मामले में लापरवाही सामने आने पर आबकारी आयुक्त दीपक रावत के निर्देश पर एक सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में निर्धारित समय के बाद भी क्लबों का संचालन जारी था, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। जांच में यह सामने आया कि निगरानी में तैनात अधिकारी ने अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन नहीं किया, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
आबकारी आयुक्त ने साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी और अवैध गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी क्लबों की नियमित जांच की जाए और तय समय सीमा के भीतर ही संचालन सुनिश्चित किया जाए।
फिलहाल इस मामले में पुलिस कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि पुलिस जांच के बाद और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे कई और जिम्मेदार लोगों पर गाज गिर सकती है।
