नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन: करोड़ों की ठगी करने वाले दो मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार…

नैनीताल। जनता को अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई प्रभावी कार्रवाई में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” के दो मुख्य संचालकों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे।
एसएसपी द्वारा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने वर्ष 2017 में हल्द्वानी और रामनगर में संस्था खोलकर उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देते हुए अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जनपदों के हजारों भोले-भाले लोगों से निवेश कराया। जांच में खुलासा हुआ कि करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि एकत्र कर उसे गबन कर लिया गया।
इस मामले में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गईं और अभियुक्तों के खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन के साक्ष्य मिले। न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक लगातार दबिश दी गई।
दिनांक 04 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
1. हेमचंद पंत (अध्यक्ष), उम्र 45 वर्ष, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी
2. विकास दुर्गापाल (सचिव), उम्र 41 वर्ष, निवासी देहरिया, हल्द्वानी
अभियुक्तों के खातों में क्रमशः ₹2 करोड़ 26 लाख और ₹4 करोड़ 58 लाख की राशि प्राप्त होने का खुलासा हुआ है। दोनों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है, जिनकी तलाश जारी है।
इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा गिरफ्तारी टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी पंजीकरण स्थिति और वैधानिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
