मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, हल्द्वानी-लालकुआं में ताबड़तोड़ निरीक्षण, 10 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, घी, किशमिश और बेसन के नमूने जांच को भेजे; मिसब्रांडिंग पर चालानी कार्रवाई की तैयारी…
हल्द्वानी/लालकुआं। आम लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर 31 अगस्त 2026 को विभागीय टीमों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे।
अभियान के दौरान हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान रामपुर रोड स्थित मैसर्स श्री शिवशक्ति इंटरप्राइजेज से देशी घी तथा नल बाजार स्थित मैसर्स चिरंजीवीलाल से किशमिश का विधिक नमूना संग्रहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान किशमिश की पैकेजिंग और लेबलिंग में अनियमितता भी सामने आई। संबंधित कंपनी एवं डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा विक्रय की जा रही किशमिश में लेबलिंग संबंधी नियमों का पालन नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा पैकेजिंग-लेबलिंग विनियमों के तहत मिसब्रांडिंग की चालानी कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल अमय कुमार सिंह के नेतृत्व में संग्रहित विधिक खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है।
लालकुआं एवं हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान चलाया। यहां सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा हरिपुर रतनसिंह स्थित मैसर्स भट्ट जनरल स्टोर से बेसन का विधिक नमूना जांच के लिए लिया गया।
इसके अलावा टीम ने रामपुर-लालकुआं मार्ग और सनेस मंडी, लालकुआं क्षेत्र का भी सर्वेक्षण एवं निरीक्षण किया। संग्रहित विधिक एवं सर्वे नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया।
निरीक्षण अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने, उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का उपयोग करने तथा एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए कारोबारियों को जागरूक भी किया।
इसके अतिरिक्त 31 अगस्त को सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रामनगर द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में दो खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध चालानी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नैनीताल जिले में मिलावटी, असुरक्षित और मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों के खिलाफ निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।