देवभूमि उत्तराखण्ड आपका अपना घर’, NeST Fest-2026 में सीएम धामी ने पूर्वोत्तर के युवाओं का किया स्वागत, कहा—पूर्वोत्तर भारत की विविधता और सुंदरता का चमकता मुकुट, युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत…

FB_IMG_1788664927968
खबर शेयर करें -

 

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में My Home India द्वारा आयोजित “NeST Fest-2026” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं का देवभूमि उत्तराखण्ड की ओर से स्वागत करते हुए आयोजन के लिए आयोजक टीम को बधाई दी।

 

शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देशभर के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल विद्यार्थी नहीं हैं, बल्कि देश की उस युवा शक्ति के प्रतिनिधि हैं, जिसमें बड़े से बड़े सपनों को साकार करने का साहस और सामर्थ्य है। उन्होंने कहा कि NeST Fest केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है।

 

धामी ने कहा कि पूर्वोत्तर और उत्तराखण्ड के रहन-सहन, पहाड़ी परिवेश तथा भौगोलिक परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे आयोजन दोनों क्षेत्रों के बीच आत्मीय संबंधों को और मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत देश के विभिन्न हिस्सों के बीच भावनात्मक एकता का सेतु बन रहा है।

 

उन्होंने My Home India के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के युवाओं को देश के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने का यह प्रयास राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूती देता है। यही भावना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर भारतीय संस्कृति के उस चमकते हुए मुकुट के समान है, जिसके बिना भारत की विविधता और सुंदरता अधूरी है। सामरिक दृष्टि से भी यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है और देश की सुरक्षा में सशक्त प्रहरी की भूमिका निभाता है।

 

उन्होंने पूर्वोत्तर की महान प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र ने मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बाइचुंग भूटिया और भारत रत्न स्व. भूपेन हजारिका जैसी अनेक महान विभूतियां देश को दी हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से भारत का गौरव बढ़ाया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर को दिल के करीब रखा है और इसे देश के विकास का महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन माना है। दशकों पुरानी “लुक ईस्ट” नीति को आगे बढ़ाते हुए “एक्ट ईस्ट” और “फास्ट ईस्ट” की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

 

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद पूर्वोत्तर में सड़क, पुल, सुरंग, जलमार्ग, गैस ग्रिड, मोबाइल कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर सहित अनेक क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर खोले हैं।

 

सीएम धामी ने कहा कि शिक्षा, कौशल और खेल के क्षेत्र में भी पूर्वोत्तर में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं। नए विद्यालय, मेडिकल कॉलेज और उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास के संस्थान स्थापित होने से युवाओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर बढ़े हैं।

 

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 में उत्तराखण्ड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में देशभर से 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उत्तराखण्ड से राष्ट्रीय खेलों की मशाल पूर्वोत्तर भेजी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्वोत्तर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेल भी खिलाड़ियों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएंगे।

 

पूर्वोत्तर से उत्तराखण्ड में शिक्षा प्राप्त करने आए छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “देवभूमि उत्तराखण्ड आपका अपना घर है।” उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे “खूब पढ़ें, खूब खेलें” और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Ad