अवैध खनन पर खनन विभाग का बड़ा एक्शन, स्टोन क्रेशर सीज, हरिद्वार में शिकायत के बाद विभागीय प्रवर्तन दल की कार्रवाई, ई–खन्ना पोर्टल भी अस्थायी रूप से निलंबित…

हरिद्वार। अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 03 सितंबर 2026 को तहसील क्षेत्र के ग्राम बाडीटीप में अवैध खनन संबंधी शिकायत मिलने के बाद विभागीय प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण एवं जांच की।
निदेशक श्री राजपाल लेघा के निर्देशों के अनुपालन में की गई जांच के दौरान ग्राम बाडीटीप स्थित मां गंगा स्टोन क्रेशर के संचालन में निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रवर्तन दल ने तत्काल कार्रवाई की और स्टोन क्रेशर को मौके पर ही सीज कर दिया।
इसके साथ ही संबंधित स्टोन क्रेशर का ई-खन्ना पोर्टल भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं खनिजों के नियम विरुद्ध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिजों के अनियमित भंडारण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान श्री अमित गौरव, भू-वैज्ञानिक उपनिदेशक/जिला खान अधिकारी हरिद्वार, श्री ताजबर नेगी, जिला खान अधिकारी मुख्यालय, श्री गौरव खंडूरी, मानचित्रकार समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।