कुमाऊं विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट की नियुक्ति, राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने जारी किया आदेश, तीन वर्ष के लिए संभालेंगे कुलपति का दायित्व…

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल में कुलपति पद को लेकर चल रही व्यवस्था के बीच राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ले. ज. गुरमीत सिंह ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। राजभवन की ओर से 3 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल का कुलपति नियुक्त किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि पूर्व में 31 अगस्त 2026 को कुलपति के कार्यदायित्व के संबंध में जारी अंतरिम व्यवस्था वाले आदेश को अतिक्रमित करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 12 की उपधारा (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग किया गया है।
प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि अथवा अग्रिम आदेश, जो भी पहले हो, तक कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर नियुक्त किया गया है।
राजभवन की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव, उच्च शिक्षा सचिव, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, महालेखाकार सहित संबंधित अधिकारियों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट की नियुक्ति के साथ अब कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय से जुड़े छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों की निगाहें अब नए कुलपति के आगामी निर्णयों और प्राथमिकताओं पर रहेंगी।