हरिद्वार में ‘चार साल बेमिसाल’ का महाआयोजन: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे जनसभा को संबोधित, सीएम धामी ने तैयारियों का लिया जायजा…

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल’ को लेकर हरिद्वार पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार, 7 मार्च को हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे और विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बैरागी कैंप में जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सहित पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाओं का वरिष्ठ स्तर पर परीक्षण कर लिया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आमजन की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री अमित शाह बैरागी कैंप में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वे राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी तथा नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिला, विधायक आदेश चौहान, हरिद्वार की मेयर किरन जैसल, रुड़की की मेयर अनीता देवी, नगर पालिका ऋषिकेश अध्यक्ष शंभू पासवान, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
शासन-प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल बैरागी कैंप के साथ ही पूरे हरिद्वार शहर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि यह कार्यक्रम राज्य सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने वाला एक ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा।
