खनन पर सख्ती के निर्देश: राजस्व बढ़ाने और अवैध खनन रोकने को लेकर निदेशक ने की प्रदेशभर के अधिकारियों की समीक्षा बैठक…
देहरादून। उत्तराखंड में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म, देहरादून ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला खान अधिकारियों के साथ बैठक कर राजस्व प्राप्ति, प्रवर्तन कार्रवाई और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण के मामलों में प्रभावी और नियमित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही खनन से संबंधित राजस्व संग्रह में वृद्धि के लिए सभी जनपदों में विशेष अभियान चलाने तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जन शिकायतों का त्वरित समाधान कर शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाई जाए।
बैठक में अपर निदेशक अनिल कुमार, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, जिला खान अधिकारी देहरादून ऐश्वर्य शाह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हरिदत्त चमोली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानंद खण्डूरी, रविन्द्र बिष्ट, खान निरीक्षक मो. काजिम रजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं प्रदेश के सभी जिला खान अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में निदेशक ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण, राजस्व में वृद्धि तथा जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करें।
