देहरादून के कायाकल्प को मिली रफ्तार: एमडीडीए की तीन बड़ी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण, दिसंबर तक इंदिरा मार्केट पूर्ण करने का लक्ष्य…
पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में राजधानी देहरादून को सुनियोजित, आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आज मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा संचालित तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इंदिरा मार्केट एवं टैक्सी स्टैंड क्षेत्र के प्रभावित दुकानदारों को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित परिसर में स्थानांतरित करने के उद्देश्य से संचालित परियोजना का प्रथम चरण तेजी से प्रगति पर है। C एवं D ब्लॉक में दो तल के बेसमेंट का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शीर्ष तल का कार्य प्रगति पर है। परियोजना में तीन तल के बेसमेंट सहित कुल 1050 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।
बेसमेंट निर्माण के उपरांत दुकानों का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। परियोजना को दिसंबर माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि प्रभावित व्यापारियों को शीघ्र आवंटन किया जा सके। निरीक्षण के दौरान सचिव ने गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
शहर के मध्य तहसील चौक से सहारनपुर चौक तक 24 मीटर चौड़ी सड़क विकसित करने की योजना पर भी कार्य जारी है। वर्तमान में 16–18 मीटर चौड़ी सड़क पर यातायात दबाव के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु हरिद्वार बाइपास पर लगभग 7.7 हेक्टेयर भूमि पर नवीन आढ़त बाजार विकसित किया जा रहा है।
परियोजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों की मंडियों के लिए सुव्यवस्थित लेआउट तैयार किया गया है। लगभग 650 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल पार्किंग, वेयरहाउस, कार्यालय, ओवरहेड वाटर टैंक, एसटीपी, पार्क सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए।
पलटन बाजार एवं तहसील चौक क्षेत्र में पार्किंग समस्या के समाधान हेतु नवीन तहसील कार्यालय के साथ मल्टी लेवल कार पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव भी प्रगति पर है। इस संबंध में दरबार साहिब के साथ वार्ता प्रक्रिया जारी है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 1000 वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जाएगी।
परियोजना की जटिलता को देखते हुए सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ता प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।
राजधानी में इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि व्यापारियों एवं आमजन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित वातावरण भी प्राप्त होगा।
