लालकुआं–एन.डी. तिवारी के शताब्दी वर्ष पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवकों ने दी श्रद्धांजलि, युवाओं की रही विशेष भागीदारी…

लालकुआं। उत्तराखंड के महान सपूत, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित नारायण दत्त तिवारी की 100वीं जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर लालकुआं, बिंदुखत्ता और हल्दूचौड़ क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर भव्य और गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर तिवारी जी के आदर्शों और कार्यों को याद करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया।
हल्दूचौड़ के डूंगरपुर पंचायत घर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पंडित तिवारी की प्रतिमा का अनावरण पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का सहित अन्य नेताओं ने पंडित तिवारी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें “राजनीति का वटवृक्ष” बताया।
नेताओं ने कहा कि पंडित तिवारी ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया और वे सदा प्रदेश के भविष्य की चिंता करते रहे। उनकी कार्यशैली, दूरदर्शिता और प्रशासनिक कुशलता का लोहा न केवल समर्थक बल्कि विपक्षी भी मानते थे। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपील की कि वे तिवारी जी के आदर्शों को आत्मसात करें और राज्य निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
इधर बिंदुखत्ता स्थित जनता इंटर कॉलेज कार रोड में स्थापित पंडित तिवारी की प्रतिमा स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता की पहचान पंडित तिवारी से जुड़ी हुई है और क्षेत्र के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
इन कार्यक्रमों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्कर सिंह दानू, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे, पूर्व दर्जा मंत्री राजेंद्र खनवाल, पूर्व सैनिक संगठन कुमाऊं मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह मेहता, जिला पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट, पूर्व प्रमुख गोपाल सिंह नेगी, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, प्रकाश जोशी, रवि शंकर तिवारी, खजान पांडे, माया देवी भट्ट, सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हेमवती नंदन दुर्गापाल ने किया। खास बात यह रही कि इस बार तिवारी जी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी, जिससे यह संदेश गया कि उनकी विरासत नई पीढ़ी तक सशक्त रूप में पहुंच रही है।


