देहरादून अस्पताल अग्निकांड पर NHRC सख्त: मरीज की मौत मामले में मुख्य सचिव और SSP से मांगी रिपोर्ट..
देहरादून के एक निजी अस्पताल में आग लगने और उसमें मरीज की मौत होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए National Human Rights Commission ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस घटना पर चिंता जताते हुए उत्तराखंड सरकार के मुख्य सचिव और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया में प्रकाशित खबरें सही हैं, तो यह घटना मानवाधिकारों के संरक्षण और अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। रिपोर्ट में आग लगने के कारण, सुरक्षा इंतजाम, अस्पताल प्रशासन की लापरवाही और पीड़ितों को दी गई सहायता की पूरी जानकारी मांगी गई है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई थी। धुएं और आग के बीच मरीजों और तीमारदारों को बाहर निकालने के प्रयास किए गए, लेकिन इस दौरान एक मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और फायर विभाग ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया।
NHRC ने राज्य प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
इस घटना के बाद प्रदेशभर के निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
