ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों को दी होली की शुभकामनाएं, नशामुक्त और शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील…
नैनीताल–जनपद के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने समस्त जनपदवासियों को रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि रंगों का यह पावन त्योहार सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे के रंग भर दे।
उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देने वाला पर्व है। यह अवसर समाज में आपसी मतभेद भुलाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने की प्रेरणा देता है।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और सामाजिक मर्यादाओं के अनुरूप मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करने और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधियों से दूर रहने का आग्रह किया।
इसके साथ ही उन्होंने परिवहन, आबकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पर्व के दौरान आवागमन मार्गों पर सतत चेकिंग अभियान चलाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में नशामुक्त होली मनाई जाए और कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि जनपदवासी प्रशासन का सहयोग करते हुए होली के इस पावन पर्व को हर्षोल्लास, आपसी सद्भाव और शांति के साथ मनाएंगे।
