राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर खटीमा में किए गए प्री-SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य के लिए राज्यपाल ने SDM खटीमा तुषार सैनी को किया सम्मानित…
खटीमा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर खटीमा में किए गए प्री-SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए SDM खटीमा तुषार सैनी को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मतदाता सूची को अद्यतन करने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
युवा PSC अधिकारी तुषार सैनी अपनी ईमानदार, अनुशासित एवं जनहितैषी कार्यशैली के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं। प्री-SIR अभियान के दौरान उनके नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने घर-घर जाकर सत्यापन कार्य किया, जिससे मतदाता सूची अधिक सटीक और विश्वसनीय बन सकी।
उनकी कार्यप्रणाली ने न केवल प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण प्रस्तुत किया, बल्कि आम जनता में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति विश्वास भी मजबूत किया। राज्यपाल द्वारा मिला यह सम्मान खटीमा प्रशासन के लिए गर्व का विषय है और अन्य अधिकारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
स्थानीय नागरिकों और प्रशासनिक सहयोगियों ने तुषार सैनी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
