बिग ब्रेकिंग–तिब्बती मार्केट गोलीकांड का सनसनीखेज खुलासा, 24 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार, दो मुख्य अभियुक्त मुठभेड़ में घायल…
देहरादून। तिब्बती मार्केट में हुए युवक हत्याकांड का दून पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने ट्रैक रिकॉर्ड को बरकरार रखा है।
मुठभेड़ में घायल हुए मुख्य आरोपी, पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य अभियुक्तों को चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर रोका गया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्त घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अभियुक्तों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक युवक का अपनी मां और उसके सहयोगियों के साथ संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मृतक की मां ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर युवक को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के लिए 12 लाख रुपये में सौदा तय किया गया था और सुपारी देकर घटना को अंजाम दिलाया गया।
मां सहित तीन साजिशकर्ता गिरफ्तार, घटना की साजिश में शामिल मृतक की मां सहित उसके दो अन्य सहयोगियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
SSP अजय सिंह की सराहनीय कार्रवाई, SSP अजय सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
दून पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आम जनता में विश्वास और मजबूत हुआ है। पुलिस ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
