बिग ब्रेकिंग–हल्द्वानी बड़ी मंडी में डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा, 6 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार…

हल्द्वानी। शहर के बड़ी मंडी क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का नैनीताल पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
12 फरवरी 2026 की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। प्रथम दृष्टया दोनों की हत्या सिर पर पत्थर से वार कर किए जाने की पुष्टि हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच करते हुए विशेष टीम गठित की। मृतकों की पहचान शुभम टम्टा (निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा) और लक्ष्मी पोखरिया (निवासी मल्ली पोखरी, ओखलकांडा) के रूप में हुई। मृतका के परिजन की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 52/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25), सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20), दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20) और दीपेश लटवाल उर्फ राज (25) शामिल हैं।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उन्होंने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी, जिसका शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। बात बढ़ने पर झगड़ा हुआ और आरोपियों ने शुभम की हत्या कर दी। घटना छिपाने और पहचान मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया और दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए।
आपराधिक इतिहास भी आया सामने
मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर के खिलाफ पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। वहीं आरोपी दीपेश लटवाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित तीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने त्वरित कार्रवाई और सफलता के लिए पुलिस टीम को 2500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।
इस त्वरित खुलासे से जहां पुलिस की कार्यकुशलता सामने आई है, वहीं शहर में सनसनी फैलाने वाली इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
