बिग ब्रेकिंग–हल्द्वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में चोरी हुआ ‘आमा’ का बक्सा बरामद…
हल्द्वानी पुलिस ने अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी हुए ‘आमा’ के बक्से को बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस चोरी के पीछे सोमेश्वर निवासी वीरेंद्र बिष्ट का हाथ था।
दरअसल, हल्द्वानी के बद्रीपुरा क्षेत्र में बीते दिन दिनदहाड़े एक घर से ‘आमा’ का बक्सा चोरी हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखानी पुलिस और एसओजी टीम को तुरंत जांच में लगाया गया। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी किया गया बक्सा, जेवरात और नकदी भी बरामद कर ली।
वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई में मुखानी पुलिस और एसओजी टीम ने नशा तस्करी पर भी करारा प्रहार किया है। टीम ने 207 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 63 लाख रुपये आंकी जा रही है। पकड़े गए तस्कर यूपी के शाहजहांपुर और हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इन कार्रवाइयों से आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में खौफ साफ नजर आ रहा है।
