बिग ब्रेकिंग–मुख्यमंत्री धामी के हल्द्वानी दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद…
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वीआईपी कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशानुसार कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नैनीताल मनोज कुमार कत्याल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग में वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सख्त सुरक्षा घेरा एवं एक्सेस कंट्रोल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के आदेश भी दिए गए।
आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात पुलिस और सीपीयू को सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट के दौरान मार्गों पर किसी भी प्रकार की रुकावट न रहे, इसके लिए पहले से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी के समय शालीनता और विनम्रता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
बैठक में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी सहित वीआईपी ड्यूटी में तैनात कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

