बिग ब्रेकिंग–मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” को बड़ी कामयाबी: काठगोदाम पुलिस और एसओजी ने 2 किलो से ज्यादा चरस के साथ तस्कर दबोचा, देखिए वीडियो…
हल्द्वानी/काठगोदाम। उत्तराखंड सरकार के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को करीब 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दमुवाढूंगा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान जगन्नाथ कॉलोनी स्थित विजन फ्यूचर कोचिंग के पास गली से पुलिस ने इन्द्रजीत सिंह (47 वर्ष) निवासी हरिपुर कर्नल वार्ड, काठगोदाम को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना काठगोदाम में एफआईआर नंबर 63/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गमले बेचने का काम करता है और मजदूरी व खेती-बाड़ी से भी जुड़ा है। आरोपी ने यह भी कबूला कि बरामद चरस उसे एक परिचित व्यक्ति ने बिक्री के लिए दी थी। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी वर्ष 2010 में थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
* उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक
* कांस्टेबल टीका राम
* कांस्टेबल अशोक रावत (एसओजी)
* कांस्टेबल भानु प्रताप (एसओजी)
नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
