बिग ब्रेकिंग–कैंचीधाम बाईपास परियोजना से मिलेगी जाम से स्थायी राहत, कार्य तेजी से प्रगति पर…

कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) परियोजना, सैनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग भवाली बाईपास सड़क तथा शिप्रा नदी पर निर्मित डबल लेन मोटर पुल के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों से संवाद किया गया और शीतकालीन यात्रा का आनंद लेने उत्तराखण्ड पहुंचे पर्यटकों से भी उनके अनुभव साझा किए गए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आगामी यात्रा एवं पर्यटन सीजन से पूर्व बाईपास मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे यातायात के लिए सुचारु रूप से खोलना सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विश्व प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से कैंचीधाम बाईपास का निर्माण कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है।
परियोजना के पूर्ण होने से वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा। साथ ही कैंचीधाम क्षेत्र को जाम से बड़ी राहत मिलेगी और पहाड़ी जनपदों की ओर जाने वाले यात्रियों को एक वैकल्पिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नया संबल देगी।
