बिग ब्रेकिंग–₹500 करोड़ की सौगात: कुंभ मेला 2027 को दिव्य-भव्य बनाने में केंद्र का बड़ा सहयोग.. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून–पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए भारत सरकार द्वारा ₹500 करोड़ की धनराशि जारी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक सहयोग बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। यह आयोजन देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालुओं को एक सूत्र में पिरोता है और भारतीय संस्कृति की विराटता का संदेश देता है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह धनराशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि इस राशि से आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा। यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को तीव्र गति मिलेगी। साथ ही आधुनिक तकनीक के माध्यम से आयोजन को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखण्ड के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित अनेक विकास योजनाओं में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए संबल साबित हुआ है। कुंभ मेला 2027 के लिए मिली यह विशेष सहायता राज्य सरकार के संकल्प को और सशक्त बनाएगी।
श्री धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 एक ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और उत्तराखण्ड एक बार फिर अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर मजबूती से स्थापित करेगा।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए कुंभ मेला 2027 को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
