बिग ब्रेकिंग–पवनदीप राजन के जीजा नारायण लाल का चुनावी धमाका, पाटी में भाजपा को 224 वोटों से दी मात, किला ध्वस्त…

0
FB_IMG_1781207031082
खबर शेयर करें -

 

चंपावत/पाटी। नवगठित पाटी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने शानदार जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। भाजपा ने इस चुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाते हुए पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन जनता ने सभी राजनीतिक समीकरणों को ध्वस्त करते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया।

 

भाजपा प्रत्याशी नवीन राम के समर्थन में पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता लगातार प्रचार अभियान में जुटे रहे। घर-घर संपर्क, जनसभाएं और व्यापक रणनीति के बावजूद भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।

 

निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने 738 मत हासिल कर भाजपा उम्मीदवार नवीन राम को 224 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। नवीन राम को 514 मत मिले, जबकि पार्वती देवी 301 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

 

इस जीत को और भी खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि नारायण लाल प्रसिद्ध गायक और इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन के जीजा हैं। चुनाव प्रचार के दौरान पवनदीप राजन का पाटी पहुंचकर समर्थन देना भी चर्चाओं में रहा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नारायण लाल की मजबूत स्थानीय पकड़ और पवनदीप की लोकप्रियता ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई।

 

नगर पंचायत सदस्य पदों के चुनाव में भी कई दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले। रानीचौड़ वार्ड से शांति देवी, पूनाकोट वार्ड से संगीता तथा न्यू कॉलोनी वार्ड से नवल पचौली ने जीत दर्ज कर अपने-अपने क्षेत्रों में विजय का परचम लहराया।

 

पाटी नगर पंचायत चुनाव परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि स्थानीय मुद्दों, जनविश्वास और मजबूत जनसंपर्क के आगे बड़े राजनीतिक दलों की रणनीतियां भी फीकी पड़ सकती हैं।

 

 

Ad Ad Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *