बिग ब्रेकिंग–खेलों से संवरता कार्यस्थल, बेहतर कल की ओर ‘प्रयास’—सीएम धामी ने किया स्मारिका विमोचन…
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में उत्तराखण्ड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा प्रकाशित स्मारिका “प्रयास बेहतर कल के लिए” का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी पहलें न केवल खेलों को बढ़ावा देती हैं, बल्कि सकारात्मक और ऊर्जावान कार्य संस्कृति के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सचिवालय कर्मियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, जिसका सीधा प्रभाव कार्यकुशलता पर पड़ता है।
स्मारिका में प्रकाशित लेखों, उपलब्धियों और गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रकाशन आने वाले समय में अधिक लोगों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में आर. के. सुधांशु, विनय शंकर पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे। यह आयोजन खेल और कार्य संस्कृति के समन्वय का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।
