हल्द्वानी में गूंजा ‘भारत माता की जय’: अग्निवीरों का रक्षामंत्री ने किया स्वागत, धामी ने लगाया विजय तिलक…
हल्द्वानी। राजनाथ सिंह के हल्द्वानी आगमन पर उस समय माहौल देशभक्ति से सराबोर हो उठा, जब देवभूमि उत्तराखण्ड के 112 से अधिक चयनित अग्निवीरों ने “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
रक्षामंत्री ने सभी चयनित अग्निवीरों को संबोधित करते हुए कहा, “भारत मां की सेवा और रक्षा के लिए आगे आ रहे आप सभी युवाओं का भारतीय सेना में हार्दिक स्वागत है।” उनके शब्दों ने युवाओं में जोश और गर्व की भावना को और प्रबल कर दिया।
इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चयनित अग्निवीरों को तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
ये सभी अग्निवीर यूथ फाउंडेशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सेना में शामिल होने जा रहे हैं। फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने जानकारी दी कि इस बार उनके 752 अभ्यर्थियों में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से यूथ फाउंडेशन उत्तराखण्ड के युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करता है, जिसमें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता दोनों शामिल हैं। अब तक 15 हजार से अधिक युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बल और पुलिस में भर्ती कर राष्ट्र सेवा के लिए भेजा जा चुका है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नल कोठियाल के इस सराहनीय कार्य की खुले दिल से प्रशंसा की और चयनित अग्निवीरों के साथ समूह फोटो भी खिंचवाई।
गौरतलब है कि कर्नल अजय कोठियाल माउंट एवरेस्ट विजेता होने के साथ-साथ सेना के विशिष्ट पदकों से सम्मानित हैं। केदारनाथ आपदा के बाद केदारनगरी के पुनर्निर्माण में उनके योगदान को भी व्यापक सराहना मिली है।
देशभक्ति, समर्पण और युवा शक्ति के इस अद्भुत संगम ने हल्द्वानी को एक बार फिर गौरव के रंग में रंग दिया।
