बिग ब्रेकिंग–उत्तराखण्ड सचिवालय में महिला अधिकारी से छेड़छाड़ का आरोप, कर्मचारियों का फूटा गुस्सा; आरोपी पर मुकदमा दर्ज…
देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में महिला अधिकारी से कथित छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। मामले को लेकर बुधवार को सचिवालय परिसर के एटीएम चौक पर जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित कर्मचारियों ने आरोपी उपनल कर्मचारी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। वहीं, महिला अधिकारी की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग से जुड़ा बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, सहकारिता विभाग में सचिव कार्यालय से संबद्ध चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पंकज सिंह पर महिला अनुभाग अधिकारी को कई दिनों से परेशान करने का आरोप है। महिला अधिकारी का कहना है कि आरोपी ने पहले फेसबुक के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की। उसे ब्लॉक करने के बाद भी वह लगातार मोबाइल पर फोन करता रहा।
महिला अधिकारी की शिकायत के मुताबिक, 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में उनके कार्यालय पहुंचा। वहां गाली-गलौज करने, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर उसने अन्य कर्मचारियों के साथ भी बदतमीजी की। महिला अधिकारी ने लगातार परेशान किए जाने के कारण अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
बुधवार को मामला तूल पकड़ गया, जब सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने आरोपी को एटीएम चौक पर पकड़ लिया। इस दौरान उसकी पिटाई किए जाने से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद सचिवालय प्रशासन ने आरोपी को हटाने और उसकी सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
शहर कोतवाली पुलिस ने महिला अधिकारी की तहरीर के आधार पर आरोपी पंकज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78, 79, 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिसर में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

