मौसम अपडेट–उत्तराखंड के इन छह जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, रेड अलर्ट जारी, इतने दिनों में उत्तराखंड पहुंच सकता हैं मानसून…

0
InCollage_20230623_075631561
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। ज्यादातर क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा हुई। शुक्रवार तड़के देहरादून में बारिश हुई। वहीं ऋषिकेश में मूसलधार बारिश हुई। रुड़की शहर व आसपास के क्षेत्रों में बारिश होने से गर्मी से राहत मिली। चमोली में बादल छाए रहे।

मौसम विभाग ने अगले चार दिन प्रदेश में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी दी है। शनिवार से देहरादून व नैनीताल समेत छह जिलों में भारी वर्षा व ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 25-26 जून को प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। प्रदेश में बीते दो दिन से बादलों का डेरा है। कहीं-कहीं वर्षा के दौर भी जारी हैं।

गुरुवार को देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़ व नैनीताल में भारी वर्षा हुई। जिससे जन-जीवन प्रभावित हो गया। हालांकि, चारधाम समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहे। आज भी प्रदेश के निचले क्षेत्रों में मौसम के करवट बदलने के आसार हैं। 

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून शावर तेज हो गए हैं। शुक्रवार को प्रदेश में गरज-चमक के साथ कई स्थानों पर तीव्र बौछारों के एक से दो दौर और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, शनिवार से सोमवार तक प्रदेश में मौसम को लेकर रेड अलर्ट है।

देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल, टिहरी, बागेश्वर और पिथाैरागढ़ में भारी वर्षा हो सकती है। साथ ही कहीं-कहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। आपदा की आशंका के चलते संबंधित जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून उड़ीसा, बंगाल व झारखंड पहुंच चुका है। अगले तीन दिन में मानसून के छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पहुंचने की संभावना है।

उत्तराखंड में चंपावत व आसपास के क्षेत्रों में मानसून दस्तक दे सकता है। इसके बाद इसे पूरे प्रदेश में सक्रिय होने पर में एक से दो दिन का समय लग सकता है।

Ad Ad Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *