केंद्रीय बजट 2026-27 देश और उत्तराखण्ड के विकास को देगा नई गति: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी…
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश और राज्यों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने वाला है तथा समाज के हर वर्ग के लिए नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि बजट में तेज़ आर्थिक विकास, जन-आकांक्षाओं की पूर्ति और सबका साथ–सबका विकास* की भावना को सशक्त रूप से आगे बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी एवं समावेशी बजट प्रस्तुत करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्गों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया है।
श्री धामी ने कहा कि बजट में रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान देश के साथ-साथ उत्तराखण्ड के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना विशेष रूप से पर्वतीय राज्यों के लिए महत्वपूर्ण है। उत्तराखण्ड के संदर्भ में बजट ने पर्यटन और बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता दी है, जो राज्य के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। साथ ही पर्यावरण एवं ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक शक्ति को और सुदृढ़ करेगा, बल्कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान रूप से विकास के अवसर प्रदान करेगा।
