अंकिता भंडारी हत्याकांड में फिर उथल-पुथल, वायरल ऑडियो की जांच अटकी, उर्मिला सनावर की बिगड़ी तबीयत; SIT की बड़ी कार्रवाई पर सबकी नजर…
देहरादून/हरिद्वार। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मामले से जुड़े वायरल ऑडियो क्लिप को लेकर सामने आई अभिनेत्री उर्मिला सनावर की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके चलते वह आज विशेष जांच टीम (SIT) के सामने अपना मोबाइल फोन जमा नहीं कर सकीं। सूत्रों के मुताबिक, उर्मिला को आज कोर्ट के माध्यम से मोबाइल सौंपना था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से यह प्रक्रिया फिलहाल टल गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच हुई कथित बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था। इस ऑडियो में अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कई संवेदनशील और चौंकाने वाले दावे किए गए थे, जिसके बाद SIT ने दोनों पक्षों से लंबी पूछताछ की थी। उर्मिला ने जांच में सहयोग करने की बात कहते हुए अपना मोबाइल जांच एजेंसी को सौंपने की सहमति दी थी।
महामंडलेश्वर स्वामी दर्शन भारती महाराज ने भी सार्वजनिक रूप से जानकारी दी थी कि मंगलवार को उर्मिला अपना मोबाइल SIT को देंगी, ताकि ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जा सके। SIT मोबाइल और संबंधित डिजिटल डेटा को फॉरेंसिक लैब भेजने की तैयारी में थी, जिससे ऑडियो की प्रामाणिकता, एडिटिंग और समय-सीमा से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते थे।
हालांकि अब उर्मिला की तबीयत खराब होने के चलते जांच प्रक्रिया में अस्थायी विराम लग गया है। SIT सूत्रों का कहना है कि जैसे ही उनकी सेहत में सुधार होगा, मोबाइल जब्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद नए खुलासे और कड़ी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में ऋषिकेश के पास स्थित वनांतरा रिसॉर्ट में 19 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य समेत तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है। बावजूद इसके, वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर VIP एंगल और राजनीतिक कनेक्शन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेशभर में CBI जांच की मांग भी जोर पकड़ रही है।
फिलहाल SIT पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। उर्मिला सनावर के मोबाइल की जांच को इस केस की अगली बड़ी कड़ी माना जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में कोई बड़ा अपडेट सामने आ सकता है।
