“उत्तराखंड में विकास की रफ्तार तेज: पुष्कर सिंह धामी ने करोड़ों की योजनाओं को दी मंजूरी”…
उत्तराखंड–पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विकास को नई गति देते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को मजबूत करने के लिए हरिद्वार में प्रस्तावित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर-2 भवन के निर्माण हेतु ₹50.27 करोड़ की लागत स्वीकृत की गई है, जिसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पहली किश्त के रूप में ₹20.11 करोड़ जारी करने का निर्णय लिया गया है।
इसके साथ ही ऊधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में कम्युनिटी हॉल के निर्माण के लिए ₹5 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम चरण में ₹50 लाख की धनराशि जारी की जाएगी।
पिथौरागढ़ जिले में भी कई विकास कार्यों को हरी झंडी मिली है। विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण, मेला स्थल निर्माण और आंतरिक सीसी मार्गों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। साथ ही छिपला केदार ट्रैक रूट और ब्रह्मदेव मंदिर क्षेत्र के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई है।
आपदा न्यूनीकरण के तहत चम्पावत क्षेत्र में शारदा नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹11.59 करोड़ की परियोजना स्वीकृत हुई है, जिसमें पहली किश्त के रूप में ₹4.64 करोड़ जारी किए जाएंगे। इसके अलावा रुद्रपुर नगर निगम के मुख्य भवन के पुनर्निर्माण के लिए ₹15.74 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
देहरादून में भी विकास को गति देते हुए सहस्त्रधारा रोड पर शहरी विकास निदेशालय के कार्यालय भवन के निर्माण हेतु ₹62.64 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है। वहीं विभिन्न नगर निकायों में पार्क निर्माण, सौंदर्यीकरण और ओपन जिम की स्थापना के लिए ₹2.03 करोड़ की योजना को मंजूरी मिली है।
इसके अलावा शहरी विकास विभाग के अंतर्गत 13 विभिन्न योजनाओं के लिए ₹53.12 करोड़ तथा बौद्ध विकास योजना के तहत तीन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए ₹16.04 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन सभी निर्णयों से प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
