चारधाम यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि: मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का किया औचक निरीक्षण, दिए अहम निर्देश…

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा एवं रजिस्ट्रेशन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।
मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में संचालित पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए किसी प्रकार की असुविधा या अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना न करना पड़े। बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से भी संवाद किया तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ यात्रियों का स्वागत किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास और अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताया।
कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद दिया और यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षित, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
