पिथौरागढ़–आशीष भटगांई ने संभाला पिथौरागढ़ जिलाधिकारी का कार्यभार, पारदर्शिता और टीम वर्क को बताया प्राथमिकता…

पिथौरागढ़–जनपद पिथौरागढ़ को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। नवागत जिलाधिकारी श्री आशीष भटगांई ने बुधवार अपराह्न औपचारिक रूप से जिला कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी एवं अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री भटगांई ने जिला कोषागार का निरीक्षण किया, अभिलेखों की सूक्ष्म समीक्षा की और कोषागार संबंधी कार्यों की जानकारी ली।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने जिला सभागार में सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय किया। उन्होंने जनपद की प्रशासनिक संरचना, विभागीय कार्यप्रणाली एवं संचालित प्रमुख योजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों की प्रगति पर चर्चा की।
श्री भटगांई ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए “टीम एफर्ट” और “ट्रांसपेरेंसी” को प्रशासनिक कार्यों की मूल भावना बताया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ज़ीरो पेंडेंसी तथा ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में चिकित्सा, शिक्षा, पर्यटन और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं यूसीसी रजिस्ट्रेशन पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1905 पोर्टल की विस्तृत समीक्षा करते हुए शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर बल दिया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने श्री भटगांई का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


