नई दिल्ली–मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से की भेंट, उत्तराखण्ड की 7 जल विद्युत परियोजनाओं को मंजूरी दिलाने का किया अनुरोध…

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव से शिष्टाचार भेंट कर राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण विकासात्मक विषयों पर चर्चा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 647 मेगावाट की कुल क्षमता वाली सात जल विद्युत परियोजनाओं के विकास एवं निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार गंगा और उसकी सहायक नदियों की निर्मलता, अविरलता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। राज्य की जल विद्युत परियोजनाएं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और इनसे न केवल स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा।
हल्द्वानी में बनेगा खेल विश्वविद्यालय, भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया।
मुख्यमंत्री ने खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय के संबंध में भी केंद्रीय मंत्री से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए गौलापार क्षेत्र में लगभग 12.317 हेक्टेयर वन भूमि के हस्तांतरण हेतु प्रस्ताव वन विभाग को भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से इस पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री ने दी सैद्धांतिक सहमति, हरसंभव सहयोग का भरोसा।
केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सैद्धांतिक सहमति जताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देने की बात कही।
इस अवसर पर भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव श्री तन्मय कुमार, उत्तराखण्ड सरकार के प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते तथा स्थानिक आयुक्त श्री अजय मिश्रा भी उपस्थित रहे।


