नवी मुंबई अग्निकांड–वाशी की हाईराइज़ इमारत में आग, चार की दर्दनाक मौत, 10 घायल…

खबर शेयर करें -

 

नवी मुंबई– नवी मुंबई के वाशी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण अग्निकांड ने चार लोगों की जान ले ली और 10 अन्य को झुलसाकर घायल कर दिया। हादसा वाशी के सेक्टर-14 स्थित एमजीएम कॉम्प्लेक्स के ‘रहेजा रेजीडेंसी’ की 10वीं मंजिल पर रात करीब 12:30 बजे हुआ, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे।

 

आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने 11वीं और 12वीं मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और एक छह वर्षीय बच्ची शामिल हैं। घायलों को तत्काल वाशी के दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहाँ कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियाँ और करीब 40 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय पुलिस व नागरिकों ने भी दमकल विभाग की मदद की।

 

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद इमारत के अन्य निवासी दहशत में हैं, और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

 

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की घोषणा की है और घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर कराया जा रहा है।

 

Ad Ad Ad